यूपी में गर्मी का कहर: अब सुबह 7:30 बजे से खुलेंगे स्कूल, बच्चों को मिली बड़ी राहत।
भीषण गर्मी और हीटवेव के कारण यूपी में स्कूलों का समय बदला
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में पड़ रही प्रचंड गर्मी और हीटवेव से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने विद्यालयों के समय में महत्वपूर्ण बदलाव किया है। अब प्रदेश के सभी परिषदीय विद्यालय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक खुलेंगे। हालांकि, विद्यार्थियों के लिए पढ़ाई का समय सुबह 7:30 से दोपहर 12:30 बजे तक ही निर्धारित किया गया है। शेष समय में शिक्षक और अन्य कर्मचारी प्रशासनिक व अन्य विभागीय कार्यों को पूरा करेंगे।
बेसिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल के निर्देशों के अनुसार, स्कूलों में प्रार्थना सभा और योगाभ्यास सुबह 7:30 से 7:40 बजे तक होगा, जबकि मध्यावकाश (इंटरवल) सुबह 10:00 से 10:15 बजे तक रहेगा। मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों के लिए प्रबंध तंत्र स्वयं निर्णय लेने हेतु स्वतंत्र होगा। ज्ञात हो कि बढ़ते तापमान के कारण शिक्षक संगठन निरंतर समय बदलने की मांग कर रहे थे।
शिक्षक संगठनों की मांग: राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने आरटीई-2009 का हवाला देते हुए मांग की है कि गर्मी में स्कूल मात्र 4 घंटे और सर्दी में 5 घंटे ही संचालित हों। संगठन का तर्क है कि बच्चों की मानसिक ऊर्जा सीमित होती है, इसलिए अधिक समय तक स्कूल में रहना उनके स्वास्थ्य के लिए प्रतिकूल है।
मौसम का हाल: प्रदेश में सूर्य का सितम जारी है। प्रयागराज 44.4 डिग्री के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा, जबकि वाराणसी दूसरे स्थान पर रहा। मौसम विभाग ने बांदा, आगरा, झांसी और प्रयागराज सहित 26 जिलों में लू (Heatwave) की चेतावनी जारी की है। वहीं पश्चिमी यूपी के कुछ जिलों में 'उष्ण रात्रि' (बेहद गर्म रात) का अलर्ट भी दिया गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, फिलहाल अगले एक सप्ताह तक गर्मी से राहत के आसार नहीं हैं।

सरकार विकास कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ा रही है
प्रयागराज स्टेशन पर कार्य का असर, भोपाल मंडल की ट्रेनें प्रभावित